July 27, 2026 11:15 pm

राजनाथ सिंह और अमित शाह के बाद पीएम मोदी के उत्तराखंड दौरे की तैयारी…

देहरादून: उत्तराखंड में बड़े नेताओं के लगातार दौरों के बीच अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संभावित दौरे को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। राज्य सरकार और प्रशासन स्तर पर इसकी रूपरेखा तैयार की जा रही है। हालांकि अभी कार्यक्रम की आधिकारिक तारीख तय नहीं हुई है, लेकिन संभावित दौरे को देखते हुए शासन ने पूरी हो चुकी और अंतिम चरण में पहुंची विकास योजनाओं का विवरण जुटाना शुरू कर दिया है।

हाल ही में केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह हल्द्वानी पहुंचे थे, जहां उन्होंने एक बड़ी जनसभा को संबोधित किया। इससे पहले केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी हरिद्वार में कार्यक्रम में शामिल हो चुके हैं। लगातार हो रहे इन दौरों को आगामी चुनावों की रणनीति से जोड़कर देखा जा रहा है।

प्रधानमंत्री के संभावित दौरे को देखते हुए शासन स्तर पर बैठकों का दौर भी शुरू हो गया है। मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि वे अपनी-अपनी प्रमुख परियोजनाओं का पूरा ब्यौरा उपलब्ध कराएं। सरकार का प्रयास है कि प्रधानमंत्री के दौरे के दौरान विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास कराया जा सके।

राजनीतिक दृष्टि से भी प्रधानमंत्री का दौरा काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। भाजपा ने राज्य के अलग-अलग क्षेत्रों में अपने शीर्ष नेताओं की सभाओं के जरिए कार्यकर्ताओं और जनता के बीच माहौल बनाने की रणनीति अपनाई है। गढ़वाल और कुमाऊं दोनों क्षेत्रों में बड़े नेताओं की सभाएं हो चुकी हैं, ऐसे में अब यह देखना दिलचस्प होगा कि प्रधानमंत्री की प्रस्तावित रैली किस क्षेत्र में आयोजित की जाती है।

प्रशासनिक स्तर पर भी तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ प्रबंधन और यातायात नियंत्रण को लेकर प्रारंभिक योजना बनाई जा रही है। प्रधानमंत्री के दौरे के दौरान सुरक्षा प्रोटोकॉल बेहद सख्त रहता है, इसलिए अधिकारियों को पहले से सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।

माना जा रहा है कि प्रधानमंत्री का यह दौरा केवल एक जनसभा तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इसे विकास कार्यों और उपलब्धियों के बड़े मंच के रूप में प्रस्तुत किया जाएगा। इसके जरिए राज्य सरकार अपनी योजनाओं और कार्यों को जनता के सामने रखने की तैयारी कर रही है।

भले ही कार्यक्रम की आधिकारिक घोषणा अभी नहीं हुई है, लेकिन जिस तरह से तैयारियां शुरू हो चुकी हैं उससे साफ है कि प्रधानमंत्री का यह दौरा राज्य की राजनीति और चुनावी माहौल को नई दिशा दे सकता है।

और पढ़ें

मतदान सर्वेक्षण

0
Default choosing

Did you like our plugin?

Poola Jada

और पढ़ें