June 30, 2026 3:18 am

सहसपुर सड़क चौड़ीकरण के दूसरे चरण की शुरुआत, सीएम ने किया सहसपुर में 1203.40  लाख की सड़क परियोजना का शुभारंभ

देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री घोषणा के तहत देहरादून जनपद के सहसपुर विधानसभा क्षेत्र में मीठीबेरी से परवल होते हुए चांदनी चौक तक तथा परवल से विज्ञान धाम झाझरा तक बनने वाले सड़क चौड़ीकरण कार्य के द्वितीय चरण (किमी 1 से 10) का शिलान्यास किया। इस परियोजना पर 1203.40 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मजबूत सड़क ढांचा राज्य के सर्वांगीण विकास की नींव है। बेहतर संपर्क व्यवस्था से व्यापार, पर्यटन, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को बढ़ावा मिलेगा, जिससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।

सहसपुर के लिए अहम घोषणाएं

मुख्यमंत्री ने क्षेत्र के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण कार्यों की घोषणा की। इनमें भाऊवाला में पेयजल आपूर्ति के लिए नलकूप निर्माण, दरू चौक से केशववाला नदी तक नाला निर्माण कर जलभराव की समस्या का समाधान, आर्केडिया बड़ोवाला पार्क के समीप मोक्षधाम का निर्माण, आसनपुर से श्मशान घाट तक पुस्ता और मार्ग निर्माण शामिल हैं।

इसके अलावा उमेदपुर और परवल में आसन नदी के किनारे कृषि भूमि की सुरक्षा हेतु पुस्ता निर्माण, वार्ड संख्या 93 बड़ोवाला आवासीय क्षेत्र की सुरक्षा के लिए पुस्ता, तथा पौंधा में श्मशान घाट तक सड़क और भूमि कटाव रोकने के लिए पुस्ता निर्माण की भी घोषणा की गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार जनता की अपेक्षाओं के अनुरूप आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए प्रतिबद्ध है।

समावेशी विकास और महिला सशक्तिकरण पर जोर

जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की विभिन्न रेटिंग्स में उत्तराखंड को समावेशी विकास के मामले में अग्रणी राज्य माना जा रहा है। उन्होंने मातृशक्ति को राज्य की अर्थव्यवस्था की धुरी बताते हुए कहा कि ‘लखपति दीदी’ योजना के माध्यम से स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं ऐसे उत्पाद बना रही हैं, जो बड़ी कंपनियों को भी प्रतिस्पर्धा दे रहे हैं।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत विश्व की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है। राज्य की अर्थव्यवस्था में 26 गुना वृद्धि हुई है, बजट एक लाख करोड़ रुपये से अधिक पहुंच गया है, विद्युत उत्पादन चार गुना बढ़ा है और रिवर्स माइग्रेशन में 44 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है।

अस्मिता और कानून व्यवस्था पर सख्त रुख

मुख्यमंत्री ने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड की सांस्कृतिक पहचान और जनसांख्यिकीय संतुलन से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। समान नागरिक संहिता, सख्त नकल विरोधी कानून और अवैध अतिक्रमण व भू-माफियाओं के खिलाफ कार्रवाई सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति का प्रमाण है। उन्होंने बताया कि इस वित्तीय वर्ष में 10 से 12 हजार नियुक्तियां किए जाने की तैयारी है।

मुख्यमंत्री ने स्थानीय विधायक सहदेव सिंह पुंडीर की सक्रियता और क्षेत्रीय मुद्दों के प्रति संवेदनशीलता की सराहना की।

विधायक सहदेव सिंह पुंडीर ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश विकास और सुशासन की दिशा में आगे बढ़ रहा है। युवाओं, महिलाओं और किसानों के हित में कई योजनाएं संचालित की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश की संस्कृति और पहचान को बनाए रखने के लिए कड़े कानून लागू किए गए हैं और सरकार ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास’ के सिद्धांत पर कार्य कर रही है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

और पढ़ें

मतदान सर्वेक्षण

0
Default choosing

Did you like our plugin?

Poola Jada

और पढ़ें