देहरादून: उत्तराखंड सरकार ने किसान परंपरा, ग्रामीण जीवन और गोवंश के महत्व पर आधारित फिल्म ‘गोदान’ को राज्य में टैक्स फ्री करने का फैसला लिया है। इस संबंध में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने निर्देश दिए हैं। टैक्स फ्री होने के बाद दर्शकों के लिए टिकट दरों में कमी आएगी, जिससे अधिक से अधिक लोग फिल्म देख सकेंगे। विनोद चौधरी की ओर से निर्मित और निर्देशित फिल्म ‘गोदान’ 6 फरवरी को देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज हो चुकी है। लगभग दो घंटे की इस फिल्म में गाय के धार्मिक, सामाजिक और व्यावहारिक महत्व को दर्शाया गया है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि गाय केवल धर्म और आस्था का विषय नहीं है, बल्कि भारतीय संस्कृति, समाज और ग्रामीण अर्थव्यवस्था का अभिन्न अंग है। इस तरह की फिल्मों के माध्यम से समाज में सकारात्मक सोच और संवेदनशीलता विकसित होती है, इसलिए ऐसी फिल्मों को प्रोत्साहन दिया जाना चाहिए।











