June 24, 2026 11:05 pm

किसने चुराईं 8 भैंस ? पशुपालक का आरोप – खरीदार के मनमाफिक दामों पर नहीं बेची, तो करवा दी चोरी ?

हल्द्वानी: करीब 10 साल पहले उत्तर प्रदेश के तत्कालीन कैबिनेट मंत्री आजम खान की भैंस चोरी का मामला देश-दुनिया में सुर्खियों में आया था. तब रामपुर पुलिस ने भैंस की तलाश में जगह-जगह छापेमारी की थी. कुछ ऐसा ही मामला उत्तराखंड के नैनीताल जिले में सामने आया है. हालांकि यहां उत्तराखंड के किसी कैबिनेट मंत्री की भैंसें नहीं खोई हैं, बल्कि एक पशु पालक की भैंसें चोरी हो गई हैं.

हल्द्वानी में 8 भैंसें चोरी

शहर कोतवाली में चोरी का एक अजब-गजब मामला सामने आया है. एक पशुपालक की जंगल में चरने गईं आठ भैंसें चोरी हो गई हैं. पशु पालक की शिकायत पर हल्द्वानी कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है. पीड़ित पशुपालक की गुहार पर पुलिस ने चोरी गई 8 भैंसों और आरोपी की तलाश शुरू कर दी है. पशुपालक ने मामले में चार लोगों पर नामजद मुकदमा दर्ज कराया है. पशु पालक का आरोप है कि उसने एक आरोपी के बताए दामों पर भैंसें नहीं बेची थीं. इसलिए उन्हें चोरी कर लिया गया.

पशु पालक को इन पर है शक

पुलिस के मुताबिक झुटियाल खत्ता, टांडा हल्द्वानी निवासी प्रेम सिंह बिष्ट ने हल्द्वानी कोतवाली पुलिस को तहरीर दी है. तहरीर में कहा कि वह पेशे से पशुपालक हैं. उनके पास 17 भैंसें थीं. उन्होंने आरोप लगाया कि-

इसी साल फरवरी में मैंने 6 भैंसों का सौदा ₹300,000 में गदरपुर निवासी यूसुफ के साथ किया था. परंतु यूसुफ द्वारा भैंसों का कम पैसा लगाने के कारण सौदा कैंसिल हो गया था. इसके बाद 7 मार्च को मैं अपनी सभी 17 भैंसों को चरने के लिए घर से दूर जंगल में छोड़कर आया था. शाम को जंगल से सिर्फ नौ भैंसें ही घर आईं. काफी खोजबीन के बाद भी 8 भैंसों का कोई सुराग नहीं लगा. मुझे यूसुफ पर भैसें चुराने का शक है. करीम और अकरम की उसके साथ मिलीभगत लग रही है.
प्रेम सिंह बिष्ट, पशु पालक-

सौदा नहीं पटा तो चुरा लीं 8 भैंसें

पशुपालक प्रेम सिंह बिष्ट ने आरोप लगाया कि जब उसने भैंसों के गुम होने की शिकायत पुलिस को दी, तो टांडा निवासी करीम और नहर खत्ता निवासी अकरम उसके घर पर आए. दोनों उस पर राजीनामा करने का दबाव बनाने लगे. इस पर पशुपालक को शक हुआ कि करीम और अकरम ने युसूफ व एक अन्य के साथ मिलकर उसकी भैंसों को जंगल से चोरी किया है. इसके बाद प्रेम सिंह ने आरोपियों के खिलाफ हल्द्वानी कोतवाली में तहरीर दे दी. पुलिस से भैंसों की ढूंढ खोज और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है.

पुलिस ने भैंस चोरी का मुकदमा दर्ज किया

हल्द्वानी शहर कोतवाल राजेश यादव ने बताया कि-

हल्द्वानी के एक पशु पालक ने उसकी 8 भैंसें चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई है. गदरपुर निवासी यूसुफ, खेड़ा उधम सिंह नगर निवासी असलम, टांडा निवासी करीम और नहर खत्ता निवासी अकरम के खिलाफ भैंस चोरी करने का मुकदमा दर्ज कर लिया है. पूरे मामले की जांच की जा रही है.
राजेश यादव, कोतवाल-

और पढ़ें

मतदान सर्वेक्षण

0
Default choosing

Did you like our plugin?

Poola Jada

और पढ़ें