April 20, 2026 5:16 am

ऑपरेशन सिंदूर के बाद अलर्ट पर पुलिस, IG कुमाऊं ने अधिकारियों को किया निर्देशित 

काशीपुर: ऑपरेशन सिंदूर के बाद उत्तराखंड में हाई अलर्ट जारी है. भारतीय सेना की कार्रवाई के बाद उत्तराखंड पुलिस भी अलर्ट है. पुलिस द्वारा प्रदेश भर में सतर्कता बढ़ा दी गई है. इसी कड़ी में आईजी कुमाऊं रिधिम अग्रवाल ने कुमाऊं परिक्षेत्र का चार्ज लेने के बाद ग्राउंड जीरों पर उतरकर पुलिसिंग का जायजा लिया. आईजी कुमाऊं रिधिम अग्रवाल ने थाना प्रभारियों को हिदायत देते हुए कानून व्यवस्था को बनाए रखने के निर्देश दिए. साथ ही लापरवाही बरतने पर सख्त कार्रवाई करने की बात कही.

आईजी कुमाऊं रिधिम अग्रवाल ने थाना प्रभारियों को हिदायत दी कि थाना प्रभारी खुद को बड़ा बाबू ना समझें और खुद भी गश्त पर निकलें. उन्होंने कहा कि पिकेट, पेट्रोलिंग चेकिंग के लिए सिर्फ श्रेय लूटने से नहीं चलेगा. बल्कि बेसिक पुलिसिंग के सकारात्मक परिणाम धरातल पर दिखने चाहिए. इसके अलावा महिला सम्बन्धी अपराधों में लापरवाही बरतने पर थानेदार व विवेचक पर कार्रवाई होगी. महिला संबंधी अपराधों पर प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि पीड़िताओं को मुआवजा दिलाए जाने के लिए पुलिस सहयोग करें.

आईजी कुमाऊं ने विवेचना में लापरवाही बरतने वाले 4 विवेचकों और मालखाने में मालों का उचित अभिलेखीकरण ना किए जाने पर मालखाना मोहर्रिर के विरुद्ध जांच के आदेश दिए. उन्होंने विवेचकों की जमकर क्लास ली और थाना प्रभारियों को निर्देशित किया कि विवेचकों के साथ बैठक कर समस्याओं का निस्तारण करें. उन्होंने कहा कि पेंडिंग IT एक्ट अभियोगों के निस्तारण न होने के लिए क्षेत्राधिकारी जिम्मेदार होंगे. साथ ही SR केसों से संबंधित की गई कार्रवाई की मासिक रिपोर्ट रेंज को प्रेषित करने के निर्देश दिए.

नशा तस्करों के नेटवर्क को तोड़ने के लिए व्यापक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं. साथ ही नशा तस्करों की संपत्ति की जांच करने और नशा बेचकर अर्जित की गयी संपत्ति पाए जाने पर सीजर की कार्रवाई करने के लिए निर्देशित किया गया. वहीं पर्यटन सीजन को देखते हुए यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने और पर्यटकों के साथ शालीनता पूर्वक व्यवहार करने के भी निर्देश दिए. वहीं ऑपरेशन सिंदूर के तहत गृह मंत्रालय के निर्देशानुसार पुलिस की मौजूदगी अधिक से अधिक बढ़ाने, आपातकालीन स्थिति से निपटने हेतु पुलिस, एसडीआर, एनडीआरएफ सिविल सोसाइटी एनसीसी, एनएसएस और स्काउट एंड गाइड के साथ मिलकर मॉक ड्रिल करने के निर्देश दिए.

देहरादून में भी चलाया गया अभियान

भारत और पाकिस्तान तनाव के बीच देहरादून पुलिस ने देर रात चेकिंग अभियान चलाया. एसएसपी समेत सभी अधिकारी क्षेत्र में मौजूद रहे और चौकसी का जायजा लिया. अंतरराज्यीय/अंतर्जनपदीय बॉर्डर और आंतरिक मार्गों पर पुलिस ने बैरियर लगाकर वाहनों की चेकिंग की गई. साथ ही महत्वपूर्ण स्थानों, बस अड्डा, रेलवे स्टेशन आदि पर पुलिस ने बीडीएस टीम और डॉग स्क्वाड के साथ चेकिंग किया.

और पढ़ें

मतदान सर्वेक्षण

Poola Jada

और पढ़ें